April 16, 2026 7:41 PM

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास, एक ही परिसर में मिलेंगी समेकित सुविधाएं

देहरादून: देहरादून स्थित लोक भवन परिसर में गुरुवार को बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से इस महत्वपूर्ण परियोजना की आधारशिला रखी।

लोक भवन परिसर में बनने वाले इन भवनों में विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को एक ही स्थान पर विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित योजना के तहत प्रथम भवन में समेकित डिस्पेंसरी बनाई जाएगी, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्ष शामिल होंगे। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया, तीसरे में लोक निर्माण विभाग कार्यालय और चौथे भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय स्थापित किया जाएगा।

इन भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा, जिससे स्थानीय संस्कृति और पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि एक ही परिसर में सभी सुविधाएं उपलब्ध होने से कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। इससे कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को भी बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि समेकित अवसंरचना के माध्यम से प्रशासनिक समन्वय मजबूत होगा और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं तेजी से उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Related Posts