March 7, 2026 5:42 AM

पिरान कलियर की रहने वाली ट्रक ड्राइवर की बेटी ‘फैरूज फातिमा’ ने UPSC में पाई सफलता

हरिद्वार (कलियर शरीफ) : हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र के पिरान कलियर की रहने वाली फैरूज फातिमा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 708वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

फैरूज फातिमा के पिता इकबाल अहमद पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया। पिता की मेहनत और विश्वास के साथ फातिमा की लगन और कड़ी मेहनत ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।

फैरूज फातिमा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रही हैं। वह उत्तराखंड की रग्बी खिलाड़ी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने यह बड़ी सफलता हासिल की है।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में फैरूज फातिमा का चयन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में डिप्टी मैनेजर पद पर हुआ था और वर्तमान में वह वहीं कार्यरत हैं। अब UPSC में सफलता मिलने के बाद परिवार और क्षेत्र के लोगों में गर्व का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फैरूज फातिमा की सफलता उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं।

फैरूज फातिमा ने कहा…
“मेरा सपना बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना था। आज यह सपना पूरा हुआ है, जिससे मेरा परिवार बेहद खुश है।”

Related Posts