March 5, 2026 7:24 PM

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय-वित्त समिति की बैठक, कई अहम विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

देहरादून। राज्य के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए सचिवालय में व्यय-वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने की, जिसमें कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में AMRUT 2.0 के ट्रांच-2 के तहत सहस्त्रधारा पेयजल योजना को मंजूरी दी गई। इस योजना को उत्तराखंड जल संस्थान के माध्यम से लागू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाया जा सकेगा।

इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल जिले के सतपुली क्षेत्र में बैराज निर्माण के संशोधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है। इस परियोजना से क्षेत्र के जल प्रबंधन और विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बैठक में हल्द्वानी स्थित फायर स्टेशन में विभिन्न श्रेणियों के आवासों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। वहीं देहरादून के डांडा लखौंड क्षेत्र में सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी हरी झंडी दी गई। इसी क्रम में रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान पर्यावरणीय संतुलन और दीर्घकालिक स्थिरता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

बैठक में सचिव नितेश झा, शैलेश बगौली, एस.ए. अदांकी, युगल किशोर पंत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।