देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम दौरे के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा।
मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली-एनसीआर से देहरादून की दूरी और समय दोनों कम होंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की। इस मौके पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







