April 16, 2026 2:10 PM

देहरादून: MDDA जमीन विवाद में बिल्डर की दबंगई, DRDO वैज्ञानिक से मारपीट, FIR दर्ज

देहरादून: देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित एटीएस कॉलोनी में अवैध निर्माण का विरोध करना एक वैज्ञानिक को भारी पड़ गया। Defence Research and Development Organisation में तैनात वैज्ञानिक के साथ कथित तौर पर बिल्डर ने मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अवैध निर्माण का विरोध पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार, एमडीडीए की जमीन पर दीवार निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान निर्माण से निकल रहा मलबा वैज्ञानिक के घर की ओर गिरने लगा। जब इस पर आपत्ति जताई गई, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बिल्डर ने पहले गाली-गलौज की और फिर वैज्ञानिक पर हमला कर दिया।

परिवार के साथ भी बदसलूकी

पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि विरोध करने पर आरोपी ने न सिर्फ वैज्ञानिक, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

रायपुर थाना पुलिस ने आरोपी बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।

पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब आरोपी बिल्डर पर इस तरह के आरोप लगे हैं। इससे पहले दीपावली के दौरान पिस्टल लहराने का मामला भी सामने आया था, जिसके बाद प्रशासन ने उसका असलहा लाइसेंस रद्द कर दिया था।

पुलिस पर भी उठे सवाल ?

कॉलोनी के निवासियों का आरोप है कि आरोपी को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते पहले की घटनाओं में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि, इस बार पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts