देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अनमोल धरोहर है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आए घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंट साहिब यात्रा में पिछले वर्ष की तुलना में शुरुआती दौर में ही 25 हजार अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। यह उत्तराखण्ड की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान में लोगों की बढ़ती आस्था का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र सिख तीर्थ उत्तराखण्ड की धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। देवभूमि की संस्कृति ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना पर आधारित है और यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का सम्मान और सत्कार किया जाता है।
सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी ऐसे कृत्य को स्वीकार नहीं करेगी, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा, धार्मिक आस्था या सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचे। संवाद, सद्भाव और आपसी विश्वास के माध्यम से ही सभी समस्याओं का समाधान संभव है।
बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







