August 14, 2026 12:03 AM

खटीमा लोहियाहेड हेलीपैड पर सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं,  अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों और मांगों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए तथा प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि जनपद में विशेष अभियान चलाकर चार लाख पौधे लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, महामंत्री रमेश जोशी, अमित कुमार पांडे, रनदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Posts