April 3, 2026 12:52 AM

कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिये

हरिद्वार: आगामी Kumbh Mela 2027 Haridwar की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड के मुख्य सचिव Anand Bardhan ने गुरुवार को हरिद्वार पहुंचकर विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी हों और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समक्यून्वय बनाकर काम में तेजी लाई जाए, ताकि मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक बन रहे घाटों और बैरागी कैंप घाट के निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुसार किया जाए। साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए रैंप, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने इस बार कुंभ के लिए ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने पर भी जोर दिया। इसके तहत घाटों के आसपास हरित पट्टियां विकसित कर उन्हें फूल-पौधों से सजाने की योजना पर काम करने को कहा गया।

इसके अलावा उन्होंने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी में बन रहे 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की और कहा कि कुंभ के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण होगा, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।

धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी में बन रहे 90 मीटर स्पान के पुल के कार्यों का जायजा लेते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वर्षा ऋतु से पहले नदी से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि बरसात के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना की प्रगति भी देखी और National Highways Authority of India के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाईपास निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके लिए साप्ताहिक लक्ष्य तय कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कुंभ शुरू होने से पहले पूरी होना जरूरी है।

मुख्य सचिव ने बैरागी कैंप में 1500 किलोलिटर क्षमता के ओवरहेड टैंक के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और पेयजल से जुड़े सभी काम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ पानी की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला 2027 एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार आएंगे। ऐसे में सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मेला नियंत्रण भवन में संचालित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी जायजा लिया और निगरानी व्यवस्था में आधुनिक तकनीक, आईटी सिस्टम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर सचिव शहरी विकास Nitesh Jha, गढ़वाल आयुक्त Vinay Shankar Pandey, जिलाधिकारी Mayur Dixit, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Navneet Singh Bhullar समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts