देहरादून। 15 जून को नैनीताल स्थित श्री कैंचीधाम में होने वाले स्थापना दिवस वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को अगले 10 दिनों के लिए विशेष रूट प्लान और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था लागू करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टोरल प्लान तैयार किया जाए तथा पार्किंग प्रबंधन और रूट प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य और राज्य के बाहर भी किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के कार्य शीघ्र पूरा करने के साथ ही मेला और पार्किंग क्षेत्र में पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मल्टीलेवल पार्किंग में जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रवेश और निकास मार्ग व्यवस्थित रखने तथा पार्किंग क्षेत्र से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने पुलिस और लोक निर्माण विभाग को रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों की तैयारी और आवश्यक ब्लैकटॉपिंग कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निकासी योजना तैयार रखने और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि निकासी योजना की जानकारी पुलिस और मंदिर से जुड़े सुरक्षाकर्मियों को विस्तार से दी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। भीड़ प्रबंधन को लेकर हितधारकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर भी मुख्य सचिव ने विशेष जोर दिया।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, नैनीताल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







