देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने 27 जून तक का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के 11 पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। विभाग ने 25 जून तक येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं टिहरी, पौड़ी, देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।
23 जून को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य पर्वतीय जिलों में बादलों की गर्जना के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
24 जून से 27 जून तक प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान बादलों की गर्जना और कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना भी व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में इस अवधि के दौरान मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
विभाग का कहना है कि बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।






