June 29, 2026 7:56 PM

चंपावत को मिली अत्याधुनिक एमआरआई मशीन की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी सौगात देते हुए लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत स्थापित यह सुविधा सीमांत क्षेत्र के लाखों लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एमआरआई मशीन शुरू होने से चंपावत के साथ-साथ पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उच्चस्तरीय जांच की सुविधा मिलेगी। इससे गंभीर मरीजों को हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों की दौड़ से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में 11.71 करोड़ रुपये की लागत से डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 129 बेड के छात्रावास का निर्माण कराया गया है तथा जनपद में पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से राज्य के लाखों परिवारों को निशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts