देहरादून: सीएम धामी ने यूनियन बजट को विकसित भारत का बजट बताया है. सीएम धामी ने कहा केंद्रीय बजट 2026-27 केवल एक आर्थिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प का सशक्त घोषणापत्र है. इसमें आज की आवश्यकताओं के साथ-साथ आने वाले दशकों की सोच का स्पष्ट प्रतिबिंब दिखाई देता है.
सीएम धामी ने कहा यह बजट भारत के किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर बनाया गया है. इसमें अवसरों का विस्तार है, आत्मनिर्भरता का विश्वास है और हर वर्ग के उत्थान की ठोस योजना है. रक्षा, कृषि, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान न केवल देश की आर्थिक गति को तेज करेंगे, बल्कि सामाजिक संतुलन और समावेशी विकास को भी मजबूती प्रदान करेंगे.
विशेष रूप से, इस बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा एक दूरदर्शी पहल है. इससे पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय आजीविका सुदृढ़ होगी, युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे.
सीएम धामी ने कहा निःसंदेह, यह बजट ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है. उन्होंने कहा ये बजट देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है.
सीएम धामी ने बजट में शिक्षा निवेश को लेकर कई ऐलान हुये हैं. उन्होंने कहा राष्ट्रीय डिज़ाइन संस्थान की स्थापना से लेकर औद्योगिक व लॉजिस्टिक कॉरिडोर के आसपास यूनिवर्सिटी टाउनशिप, हर ज़िले में छात्रावास और एस्ट्रोफिज़िक्स व एस्ट्रोनॉमी को प्रोत्साहित करने हेतु आधुनिक टेलीस्कोप अवसंरचना की स्थापना की बात कही है. ये सभी पहल देश के युवाओं के लिए ज्ञान, शोध और रोज़गार के नए द्वार खोलेंगे.







