देहरादून। भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मूलमंत्र के साथ आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
लंबे समय बाद देहरादून पहुंचे प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि धामी राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास में जुटे हैं।
देहरादून के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
बूथ स्तर को मजबूत करने पर जोर
मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में तरुण चुघ ने कहा कि देशभर की तरह उत्तराखंड में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान चल रहा है और इसमें बूथ स्तर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए—“बूथ जीता, चुनाव जीता।” उन्होंने कहा कि पार्टी को राजनीतिक क्षेत्र में अजर-अमर बनाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है।
उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए चुनावी दृष्टि से सक्रिय और सक्षम बीएलए-1 और बीएलए-2 की जिम्मेदारी तय की गई है। उत्तराखंड में शत-प्रतिशत बीएलए-1 नियुक्त किए जा चुके हैं और जल्द ही सभी बीएलए-2 की नियुक्ति भी पूरी कर ली जाएगी।
धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि धामी न केवल जनता का विश्वास जीत रहे हैं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप “उत्तराखंड का दशक” बनाने के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आपदाओं से निपटते हुए राज्य विकसित भारत के मिशन में अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता भाजपा की राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा के साथ खड़ी है और उसे केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार के कामकाज पर भरोसा है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आपातकाल लगाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचाने के दोषी रहे हैं, वही आज संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों से साफ है कि जनता झूठ और भ्रम की राजनीति को नकार रही है।
तीसरी बार सरकार बनाने का दावा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का विशेष महत्व होता है और इसके लिए संगठन निर्माण से लेकर चुनावी रणनीति तक सभी पहलू अहम होते हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य सहित कई सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार, तरुण बंसल, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और नवनियुक्त बीएलओ भी बैठक में शामिल हुए।







