October 25, 2026 8:18 AM

पति-पत्नी का झगड़ा सुलझाना पड़ा महंगा, युवक ने पड़ोसी महिला को उतारा मौत के घाट, आरोपित गिरफ्तार

अल्मोड़ा: पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव को आना पड़ोसियों को भारी पड़ गया। पति ने पड़ोसी महिला की दराती से हमला कर हत्या कर दी। तहरीर पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। हत्या के मामले से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बीते बुधवार की रात लमगड़ा ब्लाक के ग्राम धूरासंग्रोली पोस्ट आफिस चायखान निवासी प्रकाश राम अपनी पत्नी और माता के साथ घर में मारपीट कर रहा था। पड़ोसी होने के नाते भुवन राम, उसकी पत्नी ममता देवी और माता माधवी देवी बीच-बचाव करने लगे। प्रकाश को पत्नी और माता से झगड़ा और मारपीट न करने को समझाया।

घर के विवाद में पड़ोसियों का दखल करना प्रकाश को नागवार लगा। नाराज होकर प्रकाश ने भुवन, उसकी पत्नी और माता के झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद मारपीट में बदल गया, इसके बाद प्रकाश ने उनसे मारपीट की। इस दौरान प्रकाश ने माधवी देवी पर दराती से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर भुवन राम ने आरोपित प्रकाश के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 302,323,504,506 भादवि में मुकदमा दर्ज किया। वहीं आरोपित प्रकाश राम को देर रात गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त दो दरातियां बरामद की गई। पूछताछ में आरोपित ने पूरा मामला पुलिस को बताया। मोरनौला चौकी प्रभारी एसआई संजय जोशी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

By जागरण via Dailyhunt

Related Posts