October 30, 2026 3:31 AM

मनचले पर टूटी पड़ी ‘मर्दानी’, कर रहा था छेड़खानी…

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में एक मनचले को लड़कियों से छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया. लड़कियों ने बीच सड़क पर जूते-चप्पलों से मनचले की जमकर धुनाई की. मामला इतना बढ़ गया था कि पुलिस को बीच बचाव करना पड़ा, तब कहीं जाकर लड़कियां शांत हुई. जानकारी के मुताबिक दो युवतियां घंटाघर चौक की तरफ जा रही थी, तभी वहां से गुजर रहे मनचले ने उन पर फब्तियां कस दी और छेड़छाड़ करने का प्रयास किया. इस बात से गुस्साईं युवतियों ने आव देखा न ताव और हाथों में चप्पल लेकर मनचले की धुनाई करनी शुरू कर दी. मौके पर मौजूद लोगों ने भी मनचले पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया. आता-जाता हर कोई मनचले की पिटाई करने लगा.

 

मामला ज्यादा बढ़ गया तो कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मनचले को लड़कियों से छुड़ाकर मसूरी कोतवाली ले आई. पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम संजू कुमार है, जो यूपी के बिजनौर जिले का रहने वाला है. आरोपी मसूरी के एक होटल में काम करता है. संजू लगातार दोनों लड़कियों को परेशान कर रहा था, इसी से परेशान होकर उन्होंने उसकी जमकर धुनाई की. नियम अनुसार आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है.

Related Posts