October 10, 2026 3:31 PM

चोरी हो गया 60  फीट लंबा, 10 फीट चौड़ा और 12 फीट ऊंचा पुल, इंजीनियर ने दर्ज कराई FIR, पढ़िये पूरी खबर…  

रोहतास / बिहार : बिहार में चोर भी गजब करते हैं, 60 फीट लंबा-10 फीट चौड़ा और 12 फीट ऊंचा पुल को चोर चुराकर ले गए. रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के अमियावर इलाके में ये एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है. आरा कैनाल नहर पर साल 1972 के आसपास बने लोहे के 60 फीट पुल को सरेआम  चोर चुराकर ले गए. ये सुनकर आपको हैरानी जरूर होगी और आपको विश्वास भी नहीं होगा. लेकिन ये सच है कि चोरों ने दिनदहाड़े इस चोरी की घटना को अंजाम दिया है और जेसीबी-गैस कटर लेकर चोरी करने पहुंचे चोरों ने पुल को चुरा लिया।

इसकी जानकारी सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर अरशद कमल शमशी ने दी है. उन्होंने बताया की बिहार के रोहतास जिले में चोरों ने 60 फीट लंबे स्टील ब्रिज की चोरी की घटना को अंजाम दिया है. जूनियर इंजीनियर ने बताया कि ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि कुछ लोगों ने यांत्रिक विभाग के अधिकारी होने का नाटक करते हुए पहुंचे और जेसीबी और गैस-कटर जैसी मशीनों का उपयोग करके पुल को उखाड़ लिया और लेकर चले गए. शमशी ने कहा कि इस मामले में हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. घटना की जांच की जाएगी.

अमियावर के लोगों ने बताया है कि आरा मुख्य नहर पर बना लोहे का पुल अचानक गायब हो गया. लगों ने बताया कि 60  फीट लंबा, 10 फीट चौड़ा और 12 फीट ऊंचे इस पुल को सोमवार को जेसीबी लेकर पहुंचे चोर उखाड़कर अपनी गाड़ी में रखकर ले गए. इतना लंबा-चौड़ा पुल चोर चुरा ले गए और प्रशासन- जल संसाधन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी. अब इसकी पूरी जांच की जाएगी.

 

Related Posts