October 10, 2026 5:38 PM

अरविंद केजरीवाल के घर BJYM का हमला ! घर की दीवारों पर पोता गया पेंट, सिसोदिया बोले – अरविंद केजरीवाल की हत्या करना चाहती है BJP

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर प्रदर्शन किया है. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान BJYM कार्यकर्ताओं ने CM हाउस के बाहर जमकर हंगामा किया. इस दौरान सीएम आवास के गेट पर पेंट भी फेंका गया. जिसके बाद BJYM के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस को वाटर कैनन  का इस्तेमाल करना पड़ा.

कश्मीरी पंडितों पर दिए बयान का विरोध

बता दें कि बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, सीएम केजरीवाल के कश्मीरी हिंदुओं/पंडितों को लेकर दिए गये बयान का विरोध कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के युवा नेताओं ने जमकर नारेबाजी की. इस प्रदर्शन के दौरान BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, चहल, वैभव सिंह समेत दिल्ली प्रदेश युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे.

अरविंद केजरीवाल की हत्या करवाना चाहती है बीजेपी: सिसोदिया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने CM के घर के बाहर हुए हमले का आरोप बीजेपी पर लगाया है. सिसोदिया ने कहा, ‘बीजेपी, अरविंद केजरीवाल की हत्या कराना चाहती है. पंजाब में आम आदमी की जीत से बीजेपी बौखलाई गई है. ये एक सोची समझी साजिश है. मैं बीजेपी से कहना चाहता हूं कि उन्हें हाथ लगाने की कोशिश न करे’.

मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया की मुख्यमंत्री के घर के सीसीटीवी कमरे तोड़े गए. बीजेपी केजरीवाल को चुनाव में नही हरा पा रही तो उनकी हत्या करवाना चाहती है. इस देश में क्या गुंडे किसी मुख्यमंत्री के गेट तक पहुंच सकते है? पुलिस उन्हें ले कर गई. हम कंप्लेन फाइल करेंगे.

इस प्रदर्शन के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सीएम आवास पर लगे सिक्योरिटी बैरियर और बूम बैरियर भी तोड़ दिए. ये तोड़फोड़ और बवाल बीजेपी (BJP) के गुंडों ने किया है.

पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान CM आवास पर लगी तीन बैरिकेडिंग पार करते हुए मेन गेट तक पहुंचे थे. इसके बाद तेजस्वी सूर्या और बाकी कार्यकर्ता मेन गेट पर बैठ कर नारेबाजी करने लगे. इसके बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सभी को बलपूर्वक उठाने के बाद बस में बिठाकर दूर छोड़ दिया. दिल्ली नॉर्थ के डीसीपी ने कहा, ‘बीजेपी युवा मोर्चा का विरोध प्रदर्शन चल रहा था, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने बवाल मचाया, CM आवास के बाहर पेंट (रंग) भी फेंका गया. हमने 50 लोगों को हिरासत में लिया है. अभी पूरी तरह से शांति है.’

Related Posts