July 7, 2026 12:25 AM

CM धामी के बाद अब उत्तराखंड के गवर्नर गुरमीत सिंह ने बनाया रिकॉर्ड, सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गवर्नर बने

देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बाद अब राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने भी नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह राज्य गठन के बाद सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले राज्यपाल बन गए हैं। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के लगभग 19 वर्ष पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। अपने कार्यकाल के 1,755 दिन पूरे करने के बाद सोमवार को उन्होंने सुदर्शन अग्रवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले सबसे लंबे समय तक राज्यपाल रहने का रिकॉर्ड सुदर्शन अग्रवाल के नाम था, जिन्होंने 8 जनवरी 2003 से 28 अक्टूबर 2007 तक कुल 1,755 दिनों तक यह जिम्मेदारी निभाई थी।

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। लगभग चार दशक के सैन्य करियर में उन्हें पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम और वीएसएम जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान प्राप्त हुए। 31 जनवरी 2016 को वह भारतीय सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

पंजाब के अमृतसर जिले के जलाल उस्मान गांव में 1 फरवरी 1956 को जन्मे गुरमीत सिंह ने सैनिक स्कूल कपूरथला से शिक्षा प्राप्त की। सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने चीन और पाकिस्तान के साथ सीमा वार्ताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया तथा जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्यपाल के रूप में उनके इस लंबे कार्यकाल को उत्तराखंड के संवैधानिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हाल ही में भाजपा के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं और 9 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी के कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पार करने वाले हैं।

Related Posts