हरिद्वार। Rajaji Tiger Reserve की हरिद्वार रेंज स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर में कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी को लेकर हुए विवाद में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। जांच के बाद दो फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया गया है, जबकि रेंजर और वन दरोगा को उनके पद से हटा दिया गया है।
लापरवाही के आरोप में रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कंडारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। यह कार्रवाई जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर रिजर्व प्रबंधन की ओर से की गई है।
इसके अलावा हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमवाल से अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है, जबकि संबंधित सेक्शन में तैनात वन दरोगा अमृता को भी हटा दिया गया है। उनकी जगह नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, 26 अप्रैल को मंत्री खजान दास के बेटे की शादी सुरेश्वरी देवी मंदिर परिसर में आयोजित की जानी थी। शादी से पहले मंदिर परिसर में टेंट, फर्नीचर और अन्य साज-सज्जा का सामान पहुंचाया गया था, जिससे मामला विवादों में आ गया।
यह क्षेत्र रिजर्व फॉरेस्ट के अंतर्गत आता है, जहां National Tiger Conservation Authority और National Green Tribunal की गाइडलाइन के तहत इस तरह के आयोजनों पर सख्त प्रतिबंध है। विवाद बढ़ने के बाद आयोजन को सीमित कर साधारण रूप से संपन्न कराया गया।
मामले में कार्रवाई के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अनुमति को लेकर जिम्मेदारी तय करना अभी बाकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और यदि आगे भी किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो और सख्त कदम उठाए जाएंगे।



