November 26, 2026 6:56 PM

संविधान एवं विधि दिवस पर CM धामी ने की तीन घोषणाएं, 12 विभूतियों को किया सम्मानित…

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अभियोजन विभाग को नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने सहित तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित संविधान एवं विधि दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन विभाग, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण देने के साथ आमजन को भी जागरूक किया जाएगा। इसके लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी। अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त बजट दिया जाएगा। साथ ही सभी जिलों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करने, तथ्यों को न्यायालय के सामने निष्पक्ष रूप से रखने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मजबूत पक्ष प्रस्तुत करने की है। उनकी दक्षता और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था में आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल सहित अन्य लोग शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन किया तथा संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

धामी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की न्याय तक पहुंच आसान हो रही है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन बिना भेदभाव सुनिश्चित करना और अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम करना सरकार का संकल्प है।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Posts