November 21, 2026 2:21 AM

बागेश्वर में माला पहनाने की होड़, हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच मंच पर चली मान-मनौव्वल, सैलजा मुस्कुराती रहीं

बागेश्वर। उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यक्रम में शुक्रवार को मंच पर ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी। मौका प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बागेश्वर दौरे का था, लेकिन सुर्खियां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच गेंदे की माला पहनाने को लेकर हुई मान-मनौव्वल ने बटोर लीं। दोनों नेता एक-दूसरे को पहले माला पहनाने पर जोर देते रहे। इस दौरान मंच पर मौजूद कुमारी सैलजा माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराती नजर आईं।

कार्यक्रम के दौरान सामने आए वीडियो में हरीश रावत हाथ में गेंदे की माला लेकर यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़ते दिखाई देते हैं। यशपाल आर्य उन्हें रोककर माला अपने हाथ में ले लेते हैं और हरीश रावत को पहनाने की कोशिश करते हैं। इस पर रावत हाथ के इशारे से मना करते हुए पहले आर्य को माला पहनाने पर जोर देते हैं। कुछ देर तक दोनों नेताओं के बीच यही सिलसिला चलता रहता है। आखिरकार यशपाल आर्य हरीश रावत के गले में माला डाल देते हैं। इसके बाद रावत दूसरी माला लेकर आर्य को पहनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं होते। अंत में हरीश रावत हाथ जोड़ लेते हैं।

मंच पर चल रही इस मान-मनौव्वल के बीच कुमारी सैलजा की प्रतिक्रिया भी चर्चा का हिस्सा बन गई। वीडियो में वह दोनों नेताओं को एक-दूसरे को माला पहनाने के लिए जोर देते देखती हैं और माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराती नजर आती हैं। मंच का यह दृश्य अब राजनीतिक चर्चाओं में जगह बना रहा है।

गौरतलब है कि कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठनात्मक बैठकें कर रही हैं। कांग्रेस का उद्देश्य आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना और चुनावी तैयारियों को गति देना है।

हालांकि, मंच पर माला पहनाने को लेकर दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई खींचतान को किसी राजनीतिक विवाद या मतभेद से जोड़ने का आधार नहीं है। इसके बावजूद बागेश्वर में सामने आया यह वीडियो कांग्रेस के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

Related Posts