November 21, 2026 2:29 AM

10 जिलों से गुजरेगी 658 किलोमीटर लंबी हिमालयन एमटीबी चुनौती, 80 साइकिलिस्ट ले रहे हिस्सा, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 प्रदेश के 10 जिलों से होकर गुजरेगी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्ट 658 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। इसका समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित गाला डिनर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए सभी साइकिलिस्टों का स्वागत किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिलों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करते हैं। इनके माध्यम से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाते हैं। प्रतियोगिता में शामिल साइकिलिस्टों और आगंतुकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को करीब से देखने का मौका मिलेगा। इससे उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल और नई दिशाएं नैनीताल के कलाकारों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकप्रेम गाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को नृत्य और संगीत के माध्यम से जीवंत किया।

इसके अलावा ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों के साथ कलाकारों ने कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ी जीवनशैली की झलक पेश की।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी और अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Related Posts