November 13, 2026 1:08 PM

दलीप रावत के हमले पर हरक सिंह का पलटवार, कहा – सबकी जन्मकुंडली मेरे पास, लेकिन मर्यादा में हूं

देहरादून। उत्तराखंड में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। भाजपा विधायक महंत दलीप रावत ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के चरित्र को लेकर उठ रहे सवालों पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके जवाब में हरक सिंह ने कहा कि उनके पास कई लोगों की जन्मकुंडली और अंदरूनी राज हैं, लेकिन वह अपनी मर्यादा में रहकर राजनीति करते हैं।

लैंसडाउन विधायक दलीप रावत ने कहा कि नेताओं के चरित्र को लेकर सार्वजनिक रूप से लगाए जा रहे आरोप देवभूमि की छवि और युवाओं पर गलत असर डालते हैं। जनता राजनेताओं को अपना आदर्श मानती है, इसलिए उन्हें अपने आचरण का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ति रावत की ओर से उठाए गए सवालों का समर्थन करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि आरोपों में सच्चाई मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

दलीप रावत ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने के बाद ऐसे मामलों में प्रशासन को गंभीरता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने यूट्यूबर भावना पांडे के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनकी सभी बातों से सहमत नहीं हैं, लेकिन उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित महिला और उनके पति से सामने आकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

विधायक ने असम की युवती से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल को चुनौती देते हुए कहा कि वह मां धारी देवी के दरबार में जाकर हरक सिंह रावत के चरित्र की गारंटी देने की कसम खाएं। दलीप रावत ने इस विवाद पर तंज कसते हुए फिल्म ‘एक फूल दो माली’ का भी जिक्र किया और कहा कि पूरे मामले के केंद्र में हरक सिंह रावत हैं। उन्हें खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

दलीप रावत के बयान पर हरक सिंह रावत ने कहा कि वह उन्हें सीधे जवाब नहीं देना चाहते। यदि जवाब देना होता तो वह दलीप के दिवंगत पिता को देते, जिनका वह सम्मान करते थे। हरक ने पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लैंसडाउन क्षेत्र से दलीप रावत और उनके पिता को चुनाव में दो-दो बार हराया था, लेकिन इसके बावजूद उनके परिवार के साथ सम्मान का रिश्ता रहा।

हरक ने वर्ष 2002 का एक घटनाक्रम याद करते हुए कहा कि चुनाव जीतकर मंत्री बनने के बाद जब वह पहली बार सैंडी खाल से गूंठ गड़ा के पास पहुंचे थे, तब दलीप रावत के पिता राजनीतिक मतभेद भुलाकर उनके स्वागत के लिए खड़े थे। उन्होंने कहा कि वह उनके पिता के बारे में कभी गलत नहीं बोलेंगे।

हरक सिंह ने कहा कि राजनीतिक विरोधी उनसे इसलिए परेशान हैं, क्योंकि उनके पास कई लोगों की जन्मकुंडली और अंदरूनी जानकारियां हैं। हालांकि, वह मर्यादा में रहते हैं और हर बात सार्वजनिक नहीं करते। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी किसी से व्यक्तिगत या पारिवारिक दुश्मनी नहीं है। उनकी लड़ाई राजनीतिक और वैचारिक है। सरकार और सत्ता में बैठे लोगों के गलत कामों के खिलाफ वह जनता के हित में आवाज उठाते रहेंगे।

Related Posts