November 13, 2026 12:51 PM

‘बबली’ संबोधन पर रेखा आर्या का पलटवार, हरदा को दी चेतावनी, पुराने विवादों का किया जिक्र

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ‘बबली’ संबोधन और 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति से जुड़े आरोपों पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट साझा कर उन्होंने हरीश रावत पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमले किए। साथ ही चेतावनी दी कि आगे कुछ भी बोलने से पहले वह अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें, अन्यथा उनके पुराने मामलों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।

रेखा आर्या ने लिखा कि उन्हें उम्मीद थी कि उम्र के इस पड़ाव पर हरीश रावत पहाड़ की बेटी की पीड़ा समझेंगे, लेकिन उन्होंने उनके दुख के बजाय 210 करोड़ रुपये के आरोप पर ध्यान दिया। मंत्री ने आरोप लगाया कि हरीश रावत सत्ता और मुख्यमंत्री की कुर्सी की लालसा में राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत पीड़ा के बीच अंतर भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि वह उनकी हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं समझतीं, लेकिन कुछ टिप्पणियों पर जवाब देना आवश्यक हो जाता है।

अपनी पोस्ट में रेखा आर्या ने हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहते कई पुराने विवादों का उल्लेख किया। इनमें कथित स्टिंग प्रकरण, वर्ष 2016 में सरकार का अल्पमत में आना, विभागीय नीति बदलने के लिए पैसे मांगे जाने के आरोप, डेनिस शराब की बिक्री, नैनीसार प्रकरण, गंगा किनारे खनन और पशु बलि से जुड़े विवाद शामिल हैं। उन्होंने तेल से भरे कनस्तरों से नहाने की घटना का भी जिक्र किया और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाए।

मंत्री ने यह भी दावा किया कि हरीश रावत कांग्रेस हाईकमान से मिलने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं मिल रहा। उन्होंने हरीश रावत की ओर से निकाली गई स्वागत यात्रा पर भी तंज कसा। गढ़वाली कहावत का उल्लेख करते हुए उन्होंने लिखा कि जिसकी सुनने वाला कोई नहीं होता, उसे भाषण देने की बीमारी ज्यादा होती है।

रेखा आर्या ने अपनी पोस्ट के अंत में हरीश रावत को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार किसी पर टिप्पणी करने से पहले अपनी भाषा पर लगाम रखें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये की कमाई को लेकर सवाल उठाए जाते हैं तो पहले अपने पूरे परिवार और उनकी आय के स्रोतों का विवरण सामने रखना चाहिए।

Related Posts