November 8, 2026 1:49 AM

अमित शाह की रैली को कांग्रेस ने बताया फ्लॉप, धस्माना बोले- जनता भाजपा से छुटकारा चाहती है

देहरादून। परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को कांग्रेस ने फ्लॉप करार दिया है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी, लेकिन इसके बावजूद सम्मानजनक भीड़ नहीं जुटा सकी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता दस साल से भाजपा के कथित कुशासन से परेशान है और अब सरकार से छुटकारा चाहती है।

धस्माना ने कहा कि त्योहार के दिन जब मंदी से जूझ रहे व्यापारियों को कारोबार करने का अवसर मिलना चाहिए था, तब भाजपा के कार्यक्रम के कारण उनका पूरे दिन का काम प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह की जनसभा में कम भीड़ जुटने के पीछे अंकिता भंडारी हत्याकांड भी एक बड़ा कारण रहा। धस्माना ने कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी संपूर्ण न्याय की मांग कर रहे हैं और इस मामले में सामने आए कथित वीआईपी को बचाने के लिए कानूनी संरक्षण दिया गया।

अमित शाह के उत्तराखण्ड में भाजपा की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य पर कटाक्ष करते हुए धस्माना ने कहा कि पार्टी को आने वाले वर्षों में प्रदेश से विदाई की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा के वादों और दावों से छुटकारा चाहती है।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में मतदाता सूची में कथित धांधली का मुद्दा उठाया है, लेकिन चुनाव आयोग इसका जवाब नहीं दे पा रहा है। धस्माना ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को आगे कर मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि देशभर में करीब 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को वोट डालने के अधिकार से वंचित कर दिया गया है।

Related Posts