गैरसैंण। भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र के पहले दिन खानपुर विधायक उमेश कुमार ने विधायकी से इस्तीफा देने का ऐलान कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि वह विपक्ष से निराश हो चुके हैं और अब उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए अपनी पार्टी बनाने का प्रयास करेंगे। उमेश कुमार ने कल इस्तीफा देने की बात कही है।
उमेश कुमार ने बातचीत में कहा कि वह साढ़े चार साल से उम्मीद कर रहे थे कि विपक्ष भ्रष्टाचार, जनता और किसानों से जुड़े मुद्दों पर उनका साथ देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह जिस जनपद से आते हैं, उसकी लड़ाई भी सदन में नहीं लड़ पा रहे हैं। उनके अनुसार, विपक्ष के विधायक भी इन मुद्दों पर उनके साथ खड़े नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अब अकेले लड़ने की स्थिति बन गई है।
खानपुर विधायक ने कहा कि वह सदन में अपने समर्थकों की संख्या बढ़ाने का प्रयास करेंगे, ताकि हरिद्वार के लोगों की लड़ाई मजबूती से लड़ सकें। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और उत्तराखंड के मुद्दों पर लड़ने के लिए विपक्ष की मदद की ओर न देखना पड़े।
नई पार्टी बनाने के सवाल पर उमेश कुमार ने कहा कि वह इस दिशा में प्रयास करेंगे। यदि लोग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर उनके साथ जुड़ेंगे, तो वह आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी योजना आठ से दस विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की है। जिन क्षेत्रों से लोग उनसे संपर्क करेंगे, वहां वह पहुंचेंगे।
उमेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सभी दलों को मौका दे चुकी है, लेकिन उनके मुताबिक हालात में बदलाव नहीं आया। ऐसे में वह अपनी ओर से बदलाव की कोशिश करेंगे।







