October 12, 2026 12:52 PM

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारी तेज, 70 सीटों पर तैनात होंगे पूर्णकालिक विस्तारक, 13 अक्टूबर से कार्यशाला

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने जा रही है। पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर पूर्णकालिक विस्तारकों की नियुक्ति करेगी। इन विस्तारकों को 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में आयोजित होने वाली दो दिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में रहकर चुनाव संपन्न होने तक संगठन के लिए काम करेंगे।

कार्यशाला में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त विस्तारक शामिल होंगे। इनके कामकाज की निगरानी और मार्गदर्शन के लिए छह सदस्यों की प्रदेश स्तरीय टोली भी बनाई जा रही है। इसकी घोषणा जल्द होने की संभावना है। पार्टी की इस पहल का उद्देश्य विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित करना और चुनाव से जुड़ी तैयारियों को गति देना है।

कार्यशाला में विस्तारकों को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और बूथ समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रों में उनकी लगातार मौजूदगी से संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और पार्टी के निर्देशों के क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जाएगा।

भाजपा विस्तारकों की नियुक्ति और प्रशिक्षण के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रभारियों की घोषणा की तैयारी भी कर रही है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार, चुनाव प्रभारियों को भी कार्यशाला में प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है। इससे विधानसभा और बूथ स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय करने में मदद मिलेगी।

दो दिवसीय कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष विस्तारकों को मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। कार्यशाला में वरिष्ठ नेताओं की ओर से संगठन की प्राथमिकताओं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

Related Posts