October 11, 2026 6:06 PM

मां कुंजापुरी मेले की स्वर्ण जयंती का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, पर्यटन और विकास को बढ़ावा देने पर जोर

नरेंद्रनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर के सामुदायिक मैदान में मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। नौ दिवसीय यह राज्यस्तरीय मेला 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न झांकियों का अवलोकन किया और शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना भी की।

मुख्यमंत्री ने मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 1974 से आयोजित हो रहा यह मेला लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। पांच दशकों की यात्रा पूरी कर चुका यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ व्यापार, पर्यटन तथा क्षेत्रीय विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मेले के संस्थापक एवं तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान की सराहना करते हुए आयोजन समिति, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और कलाकारों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बदरी-केदार क्षेत्र में विकास कार्यों और मानसखंड मंदिरों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। चारधाम यात्रा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

स्थानीय उत्पादों और पर्यटन से रोजगार बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन रोकना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना, होमस्टे, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और फार्म मशीनरी बैंक जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, कृषि और पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की मांग बढ़ रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से लोगों को अपने गांवों में ही रोजगार मिलने और रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून के माध्यम से व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, ऑपरेशन कालनेमि और मदरसा बोर्ड को समाप्त करने के निर्णय का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।

टिहरी में विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, सभागार निर्माण, गजा अस्पताल के उच्चीकरण और लगभग 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन सहित विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली।

लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक बनी आकर्षण

मेले के शुभारंभ पर निकाली गई झांकियों में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक जागरूकता के विविध रंग देखने को मिले। छोलिया नृत्य, गाड़ू गड़ा तेल, महिषासुर मर्दिनी, भारत की गौरवशाली बेटियां, नरसिंह अवतार, सूर्य नमस्कार, माखन होली, मां कुंजापुरी, बदलता नरेंद्रनगर और बढ़ता नरेंद्रनगर तथा कालबेलिया नृत्य जैसी प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सांस्कृतिक दलों और विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले की स्वर्ण जयंती पर बधाई देते हुए कहा कि तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती की पहल से शुरू हुआ यह आयोजन जनसहभागिता के माध्यम से बड़े राज्यस्तरीय मेले का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि मेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ खेल एवं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करता है।

मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती ने इसकी पांच दशक की यात्रा और विकास से जुड़े अनुभव साझा किए। वहीं, नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और स्थानीय कलाकारों को मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

19 अक्टूबर तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ विद्यालय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट, संगीता ढौंडियाल, मीना राणा, किशन महिपाल, नरेंद्र सिंह नेगी, पांडवाज बैंड, सुदेश लहरी, राजीव ठाकुर और सुनंदा शर्मा सहित कई प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरत्वाण के जागर गायन के साथ होगा।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Posts