October 2, 2026 1:29 PM

गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया भावपूर्ण स्मरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके विचार शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता की दिशा में सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका उद्घोष देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सदैव रेखांकित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।