देहरादून। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनगणना निदेशालय की ओर से देहरादून के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और जनगणना कर्मियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय और अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने किया।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने का आधार है। इस बार जनगणना का कार्य ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे फील्ड स्तर पर विवरण दर्ज करने और कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने में सुविधा होगी।
उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों से राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, सावधानी और समयबद्धता के साथ पूरा करने को कहा। साथ ही आंकड़ों की शुद्धता को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा ने बताया कि जनगणना के दौरान परिवार और सामाजिक स्थिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दर्ज की जाएगी। इसमें माता-पिता, वैवाहिक स्थिति, तलाक, एकल माता-पिता सहित अन्य सामाजिक और पारिवारिक जानकारियां शामिल होंगी। राष्ट्रीयता और जाति से संबंधित जानकारी भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी। वीजा पर आए लोगों और बिना अनुमति निर्धारित क्षेत्रों में घूमने वाले लोगों से संबंधित जानकारी भी नियमानुसार दर्ज करने की प्रक्रिया बताई गई।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक देवेंद्र सिंह और उप निदेशक ने द्वितीय चरण के कार्यों, प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। प्रदीप यादव और कुलदीप चौहान ने जनगणना पोर्टल के माध्यम से कार्य करने की प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण किया। इसमें पोर्टल पर सूचनाएं दर्ज करने, ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने और फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण शिविर में देहरादून जिले की विभिन्न तहसीलों, नगर निगम, नगर निकायों, देहरादून और छावनी क्षेत्र के चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक, लिपिक, आंकड़ा प्रविष्टि संचालक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित समयसीमा में सटीक, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए कार्मिकों को तकनीकी और प्रक्रियात्मक जानकारी देना है।






