September 9, 2026 7:17 PM

भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति में नितिन नवीन ने 2027 के लिए संगठन को दिया जीत का मंत्र

हल्द्वानी। उत्तराखंड भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिरकत की। हल्द्वानी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी की, जिसके बाद बैठक के दूसरे सत्र की शुरुआत हुई।

नितिन नवीन ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार केवल सत्ता के लिए नहीं बनाई, बल्कि देशवासियों के हित में काम करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत के साथ काम करती है।

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने वंदे मातरम् और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है, जबकि पिछली सरकारों ने देश की जनसांख्यिकी को बिगाड़ने का काम किया।

कार्यसमिति की बैठक में विकसित उत्तराखंड के संकल्प, राजनीतिक प्रस्ताव और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर भी मंथन किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस बार उनके दौरे में कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक संवाद और बैठकों पर विशेष जोर रहा। हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर ग्रुप की बैठक के साथ पूर्व सैनिकों तथा सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। भाजपा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और सामाजिक संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।