August 14, 2026 8:23 PM

मेहंदी डोरी की रस्म के साथ शुरू हुआ पिरान कलियर मे उर्स, 4 जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र

रुड़की। कांवड़ मेले के समापन के बाद हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में 758वां सालाना उर्स शुरू हो गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।

उर्स के दौरान पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और जायरीनों के वाहनों के लिए 13 अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

सुरक्षा के लिहाज से दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। अलग-अलग मार्गों से आने वाले जायरीनों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा।

पिरान कलियर स्थित साबिर पाक की विश्व प्रसिद्ध दरगाह पर हर वर्ष उर्स का आयोजन होता है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। इस बार 758वां सालाना उर्स 14 अगस्त से मेहंदी डोरी की रस्म के साथ शुरू हुआ है और अगले 10 से 15 दिनों तक विभिन्न रस्में चलने की संभावना है।

सुरक्षा के साथ भीड़ प्रबंधन पर भी नजर

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि उर्स को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ प्रबंधन और आपराधिक गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखेगी।

उर्स के दौरान बम निरोधक दस्ता की टीम तैनात रहेगी। इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र को सक्रिय रखा जाएगा और जेबकतरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस का प्रयास रहेगा कि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उर्स के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Related Posts