देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।
सम्मानित होने वालों में रुड़की के पैरा एथलीट शुभम जुयाल, जिन्होंने रजत पदक हासिल किया, देहरादून की जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा, जिन्होंने कांस्य पदक जीता, शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा और पुनेश कुमार सिंह तथा भारतीय मुक्केबाजी टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है, इसलिए प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक खेल अवसंरचना के विकास के साथ जिला और विकासखंड स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं दी जा रही हैं। महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को रोजगार, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जोड़कर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण और प्रशिक्षकों के क्षमता विकास के साथ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष जोर है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक उत्तराखंड की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा सहित खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।






