July 4, 2026 1:50 AM

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर विधायक के बयान से सियासी बवाल, कांग्रेस ने भाजपा से मांगी माफी

देहरादून। लैंसडाउन से भाजपा विधायक दिलीप रावत द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस बयान को स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान बताते हुए भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधायक के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का योगदान देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। ऐसे महान सेनानी के लिए इस तरह की टिप्पणी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि पूरे उत्तराखंड की भावनाओं को आहत करने वाली है।

गोदियाल ने भाजपा विधायक से तत्काल अपना बयान वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि भाजपा को वास्तव में इस टिप्पणी पर अफसोस है तो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की भूमिका को देश के शीर्ष नेताओं ने भी सम्मान दिया था और उनके योगदान पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब देहरादून में आयोजित स्वरोजगार दिवस कार्यक्रम के दौरान विधायक दिलीप रावत ने अपने संबोधन में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को लेकर कथित विवादित टिप्पणी की। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।  हालांकि, समाचार लिखे जाने तक भाजपा की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Related Posts