June 18, 2026 7:41 PM

बीच में ही उत्तराखंड दौरा छोड़ हरियाणा रवाना हुईं कुमारी शैलजा, अपने संसदीय क्षेत्र दुर्घटना के चलते बदला कार्यक्रम

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी शैलजा ने अपना दो दिवसीय देहरादून दौरा बीच में ही समाप्त कर बुधवार सुबह अचानक हरियाणा के लिए रवाना हो गईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र में हुई एक बड़ी दुर्घटना के कारण उन्हें तत्काल लौटना पड़ा।

मंगलवार को अपने दौरे के पहले दिन कुमारी शैलजा ने जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर अध्यक्षों के साथ वन-टू-वन बैठक कर संगठन की मजबूती और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर काम करने के निर्देश दिए।

बुधवार को उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सामूहिक बैठक में शामिल होना था, लेकिन हरियाणा में दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया और सुबह ही रवाना हो गईं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रस्तावित बैठक मंगलवार देर शाम ही संपन्न कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी ने जिला अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गोदियाल ने बताया कि बैठकों में मुख्य रूप से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान और संगठनात्मक रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया। इसी क्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें अगले दो से तीन माह के लिए प्रचार अभियान और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

कांग्रेस का कहना है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में अभियान चलाया जाएगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर सके।

Related Posts