देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर विभिन्न विभागों के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची घोषित की गई है। परीक्षा में जसमीत कौर ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए डिप्टी कलेक्टर पद के लिए टॉप किया है।
डिप्टी कलेक्टर के कुल 9 पदों पर चयन हुआ है। इनमें जसमीत कौर के अलावा वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं।
पुलिस विभाग में डीएसपी के 10 पदों, जिला कमांडेंट होमगार्ड के 5 पदों तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के एक पद पर भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ अधिकारी और विधि अधिकारी के कुल 58 पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवार चयनित हुए हैं।
कराधान विभाग में सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 और राज्य कर अधिकारी के 53 पदों पर चयन किया गया है। इसके अलावा वित्त अधिकारी के 14, सहायक नगर आयुक्त के 7, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के 6 तथा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है।
यूकेपीएससी के अनुसार मुख्य परीक्षा के संशोधित परिणाम के बाद मार्च और अप्रैल 2026 में साक्षात्कार आयोजित किए गए थे। सभी चरणों में प्रदर्शन और अभ्यर्थियों की पद वरीयता के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई।
राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल पीसीएस परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। वहीं विभिन्न विभागों को अब बड़ी संख्या में नए अधिकारी मिलने से प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।







