May 26, 2026 7:59 PM

उत्तराखंड में 28 मई को रहेगी बकरीद की छुट्टी, शासन ने बदला अवकाश का आदेश

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने ईद-उल-जुहा यानी बकरीद के सार्वजनिक अवकाश को लेकर संशोधित आदेश जारी किया है। शासन के सचिव राजेश कुमार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार पहले घोषित 27 मई की छुट्टी को अब बदलकर 28 मई 2026 कर दिया गया है। शासन के नए आदेश के बाद पूरे प्रदेश में 28 मई को सार्वजनिक अवकाश प्रभावी रहेगा।

संशोधित आदेश के तहत 28 मई को सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, बैंक, कोषागार और उप-कोषागारों में अवकाश रहेगा। शासन ने संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

वहीं बकरीद को लेकर सरकार ने सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज अदा न करने की अपील की है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन यह केवल चिन्हित स्थलों पर ही होनी चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक गतिविधि के नाम पर आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होने दी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएम धामी ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने, सड़कें बाधित करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात और आम जनता की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

उधर हल्द्वानी में आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस सभागार में आयोजित बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों और विभिन्न धर्मों के लोगों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और खुले क्षेत्रों में नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी करने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि ईद की नमाज केवल निर्धारित ईदगाहों और चिन्हित स्थानों पर ही अदा की जाएगी। समाज के लोगों ने सभी से भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की।