May 17, 2026 4:25 PM

अब घर बैठे बनेंगे राशन कार्ड, सरकार ने लागू किया यूनिफाइड सिस्टम, जानिए क्या लगेंगे दस्तावेज़

देहरादून: राज्य सरकार ने स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत राशन कार्ड सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल लागू कर दिया है।

नई व्यवस्था के बाद अब नागरिकों को राशन कार्ड बनवाने या उसमें नाम जोड़ने-हटाने और अन्य संशोधन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। लोग अब घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

सरकार ने पुराने आरसीएमएस (Ration Card Management System) पोर्टल को अपडेट कर नया यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है, जिससे सेवाएं और अधिक आसान और पारदर्शी हो गई हैं। इसके लिए नागरिक uk.smartpds.nic.in पर जाकर Citizen Login के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

नए राशन कार्ड के लिए आधार आधारित OTP सत्यापन जरूरी होगा, जबकि पुराने राशन कार्ड में संशोधन के लिए परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करना अनिवार्य किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब लोग घर बैठे नया राशन कार्ड बनवा सकेंगे और पुराने कार्ड में सुधार भी कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को सुविधा नहीं है, वे तहसील और जिला पूर्ति कार्यालय में भी आवेदन कर सकते हैं।

इसके साथ ही विभाग ने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे समय रहते “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के जरिए अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया 30 मई से पहले पूरी कर लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

नए राशन कार्ड हेतु आवश्यक दस्तावेज

  • सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रतिलिपि
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • आय प्रमाण पत्र
  • मुखिया के पैन कार्ड की प्रतिलिपि
  • बिजली बिल की प्रतिलिपि
  • मुखिया की बैंक पासबुक की प्रतिलिपि
  • गैस बुक की प्रतिलिपि

राशन कार्ड को एक दुकान से दूसरी दुकान ट्रांसफर कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज

  • प्रार्थना पत्र
  • बैंक पासबुक की प्रतिलिपि
  • गैस बुक की प्रतिलिपि
  • बिजली बिल की प्रतिलिपि
  • राशन कार्ड की प्रतिलिपि
Related Posts