देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ की विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 4 करोड़ 42 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को कार्यों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अंतर्गत मुख्यमंत्री घोषणा के तहत “भिंगराड़ा मंदिर सील के सौन्दर्यकरण” कार्य के लिए 74.25 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष अवशेष 29.70 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। इसके अलावा “कंकराली टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग में स्ट्रीट लाइट स्थापना” कार्य हेतु 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष 2 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
वहीं जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में “न्याय पंचायत मुख्यालय जखोल/फिताड़ी में श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण के समतलीकरण और सौन्दर्यीकरण” कार्य के लिए 1.43 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष शेष धनराशि में से 80.06 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे पहले इस योजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 10 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने “एक जनपद-एक नदी” योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ जनपद की गुरघटिया नदी के पुनर्जीवीकरण कार्य के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है। 6.59 करोड़ रुपये की कुल परियोजना लागत के सापेक्ष प्रथम चरण में 1.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द इन योजनाओं का लाभ मिल सके।







