देहरादून: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न करने और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है बल्कि शासन व्यवस्था में निरंतर सुधार भी संभव होता है।
इस अवसर पर Uttarakhand Film Television and Radio Association के पदाधिकारियों ने राज्य की नई फिल्म नीति के लिए मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र सौंपकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई फिल्म नीति से उत्तराखंड फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
वहीं जन जागरण अभियान समिति के तहत विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्य सरकार की 15 उत्कृष्ट योजनाओं पर आधारित पोस्टर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाती हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।







