चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली स्थित बीआरओ गेस्ट हाउस में बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्ययोजना का विस्तृत जायजा लिया गया।
अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने मुख्यमंत्री को मास्टर प्लान के तहत चल रही परियोजनाओं की स्थिति और प्रगति से अवगत कराया। इसमें आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण, यात्री सुविधाओं का विस्तार, आवागमन व्यवस्था में सुधार और आधुनिक सुविधाओं के विकास जैसे कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप संचालित हो रहा है और इसका उद्देश्य धाम को भव्य, दिव्य, सुरक्षित और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थस्थल के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुव्यवस्थित अनुभव उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने परियोजनाओं में पारदर्शिता, तकनीकी दक्षता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों में तेजी और गुणवत्ता दोनों बनी रहे।
तीर्थयात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्री सुरक्षा, सुविधा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आवागमन, आवास, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग समेत सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जाए। साथ ही विकास कार्यों के दौरान धाम के पारंपरिक स्वरूप, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी बाधा या विलंब की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि बद्रीनाथ धाम का समग्र विकास तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से मास्टर प्लान के सभी कार्य सफलतापूर्वक पूरे होंगे और बद्रीनाथ धाम विश्वस्तरीय तीर्थस्थल के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।







