देहरादून: देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार आगामी पांच वर्षों (2026–2031) के मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मास्टर प्लान राज्य में मजबूत और सुरक्षित बुनियादी ढांचे के निर्माण का रोडमैप तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में यह पुस्तिका अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है और आगे भी नवाचार के साथ विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से पर्यटन हब के रूप में उभर रहा है, ऐसे में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं का विकास जरूरी है। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के जरिए राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि विभाग स्पष्ट विजन के साथ कार्य कर रहा है और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि इस मास्टर प्लान में 100 से अधिक परियोजनाओं को शामिल किया गया है। इसमें रोड कनेक्टिविटी, ब्रिज डेवलपमेंट, सड़क सुरक्षा, स्लोप प्रोटेक्शन, टेक्नोलॉजी और वित्तीय प्रबंधन जैसे अहम बिंदुओं पर फोकस किया गया है।
इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





