किच्छा (उत्तराखंड): मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को किच्छा में निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 351 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 280 बेड के इस अस्पताल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य को जुलाई 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं शुरू की जा सकें।
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल भवन का निर्माण 30 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि आवासीय भवनों का कार्य मई तक पूर्ण होने की संभावना है। अस्पताल परिसर की सड़कों का निर्माण भी मई तक और पौधारोपण जून में किया जाएगा।
इस अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड के साथ कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थो, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक और ट्रॉमा सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए सराय और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी बनाए जा रहे हैं।
All India Institute of Medical Sciences Rishikesh की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा होता है, तो अगस्त से ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव और अधिकारियों ने परिसर में पौधारोपण भी किया। इस मौके पर मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







