March 13, 2026 4:20 PM

सीएम धामी के निर्देश: खाद्य और रसद आपूर्ति पर कड़ी नजर, एसईओसी में अधिकारियों की विशेष तैनाती

देहरादून : उत्तराखंड में खाद्य और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न अधिकारियों और विशेषज्ञों की विशेष तैनाती की गई है।

सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों और विशेषज्ञों की तैनाती का उद्देश्य प्रदेश में खाद्य और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और वितरण प्रणाली की लगातार निगरानी करना है। इसके साथ ही खाद्य और रसद से जुड़ी सूचनाओं का नियमित संकलन, उनका विश्लेषण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निर्धारित रोस्टर के अनुसार तैनात अधिकारी **देहरादून स्थित आपातकालीन परिचालन केंद्र में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। वे प्रतिदिन खाद्य और रसद की स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा आवश्यक सूचनाओं का संकलन और विश्लेषण करेंगे। जरूरत पड़ने पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में खाद्य और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सरकार का मानना है कि इस कदम से प्रदेश में खाद्य और रसद आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।

Related Posts