दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी स्थित मेट्रो वॉक में आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव का भव्य आगाज हुआ. इस खास मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में पहुंचे. जहां उनका पारंपरिक तरीके से जोरदार स्वागत किया गया. महोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक कला और परंपराओं की झलक देखने को मिली. जिसने दिल्लीवासियों को खूब आकर्षित किया.
मेट्रो वॉक में आयोजित इस उत्तराखंड महोत्सव में जैसे ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे, पूरा परिसर तालियों और नारों से गूंज उठा. पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराएं और रीति-रिवाज देश की अनमोल धरोहर हैं, जिन्हें आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है.
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से न सिर्फ राज्य की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर भी मिलता है. कार्यक्रम की खास बात यह रही कि यूट्यूब पर मशहूर ब्लॉगर सौरभ जोशी भी इस महोत्सव में शामिल हुए. उन्हें देखने के लिए युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सौरभ जोशी ने भी उत्तराखंड की संस्कृति और वहां के लोगों की सादगी की जमकर तारीफ की.
महोत्सव में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धानी ने बताया हर साल इस यह से ये महोत्सव मनाया जाता है. उत्तराखंड की संस्कृति के बारे में जानकारी के लिये सभी उत्तराखंड वासी यहां आते ओर अपनी संस्कृति के बारे में जानते हैं.
कुल मिलाकर रोहिणी के मेट्रो वॉक में आयोजित यह तीन दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव संस्कृति, परंपरा और एकता का शानदार उदाहरण बना. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी और सौरभ जोशी जैसे चर्चित चेहरे की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया. ऐसे आयोजन निश्चित तौर पर उत्तराखंड की संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम करते हैं.






