देहरादून: उत्तराखंड में दलबदल की सियासी अटकलों के बीच देहरादून पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने जहां एक दिन पहले पुराने साथियों (बागियों) से मिलकर गिले-सिकवे दूर करने की कोशिश की, वहीं मंगलवार को कांग्रेस पर हमलावर हुए। उनके निशाने पर पूर्व सीएम हरीश रावत भी रहे। बोले, थोड़ा समय बीत जाने दीजिए, कांग्रेस का क्या हाल होगा, पता चल जाएगा। बस 15 दिन रुक जाइए। इस दौरान उन्होंने एक शेर पढ़ा.. ‘कई बार रंग बदलता है आसमा सहर होने तक..।’
हरीश रावत मेहनती और अच्छे व्यक्ति
मंगलवार को डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने कहा कि भाजपा में कोई बगावत नहीं होने जा रही है। हमने जिन परिस्थितियों में कांग्रेस छोड़ी थी, हालात आज भी वही हैं। हरक सिंह रावत की असंतुष्टि पर बोले, जो व्यक्ति अपने जीवन से संतुष्ट हो जाता है, वह जीवन में कुछ नहीं कर पाता है। इसलिए जीवन में असंतुष्ट होना भी जरूरी है। कुछ छोटे-मोटे मुद्दे हैं, उनको निपटाने में दो मिनट लगेंगे। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर इन मुद्दों पर बात करेंगे। बात हरीश रावत की आई तो बोले- हरीश रावत मेहनती और अच्छे व्यक्ति हैं, मेरे तो मित्र हैं।

बीमार होते हैं तो सबसे पहले मैं ही फोन करके उनका हालचाल पूछता हूं। लेकिन राजनीति में हम जुदा हैं। अगर उनको लगता है कि वह लहर ला रहे हैं तो सचेत रहें, कहीं खुद ही इस लहर में न डूब जाएं। अगर उन्हें इतना ही भरोसा है तो बताएं कि कहां से चुनाव लड़ रहे हैं, एक जगह से चुनाव लड़ रहे हैं या कितनी जगह से लड़ रहे हैं। बोले- हरीश एक गुट के नेता हैं, इसीलिए हम कांग्रेस से अलग हुए थे। यही वजह है कि पंजाब में इनके प्रभारी रहते पार्टी टूट गई। बहुगुणा ने कहा कि कांग्रेस के पास नेता तो बहुत हैं, लेकिन कार्यकर्ता नहीं हैं। जबकि भाजपा के पास कैडर, वर्कर और लीडर तीनों हैं।
डैमेज कंट्रोल नहीं, गृह मंत्री के कार्यक्रम के लिए आया
पत्रकारों के सवाल पर बहुगुणा ने कहा कि वह डैमेज कंट्रोल के लिए नहीं, गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आए हैं। वह मिशन पर हैं। मिशन राज्य में पुन: भाजपा की सरकार बनाने का है। बोले, अब पुन: राज्य की राजनीति में सक्रिय नजर आऊंगा।
मैं नेपथ्य में नहीं हूं…
पूर्व सीएम ने कहा मुझे जीवन में बहुत कुछ मिला है। मैं नेपथ्य में नहीं हूं। अब मैं पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। पार्टी अपने आप मेरे बारे में सोचेगी।
धामी अच्छा काम कर रहे, केजरीवाल खंभों पर
बहुगुणा ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अच्छा काम कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के सवाल पर बोले, वह खंभों पर हैं और खंभों पर ही रहेंगे, धरातल पर नहीं आएंगे। नौ साथियों को टिकट के सवाल पर बोले, जब गंगा-जमुना का पानी मिल जाता है, तब वह एक हो जाता है। हम सब अब भाजपाई हैं। हरक के सवाल पर बहुगुणा ने कहा कि हर दल का एक चाल-चरित्र होता है, कुछ लोगों को उसमें ढलने में समय लगता है। हरक भी ढल जाएंगे। बोले, महत्वकांक्षा देशहित और प्रदेशहित से पहले नहीं होनी चाहिए और जिसकी महत्वकांक्षा नहीं है, उसे राजनीति में होना ही नहीं चाहिए। किसी कि अगर महत्वकांक्षा पूरी होंगी तो भाजपा में ही होंगी।
यशपाल आर्य पर कसा तंज
विजय बहुगुणा ने यशपाल आर्य पर निशाना साधते हुए कहा, उन्होंने सही राजनीतिक निर्णय नहीं लिया। हालांकि उन्होंने उनके साथ कांग्रेस नहीं छोड़ी थी। लेकिन वह बताकर भी नहीं गए। यशपाल पर तंज कसते हुए कहा, जो पत्थर ज्यादा लुढ़कते हैं, उनमें घास कभी नहीं उगती।






