July 17, 2026 8:27 PM

टायरों के नीचे रौंदा जा रहा है देश का कानून, ध्वस्त हो चुकी है कानून-व्यवस्था, पढ़िये और क्या बोले अखिलेश यादव ?

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी की घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि जिसने भी इस घटना का वीडियो देखा है उसने घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से किसान को कुचला, सरकार कानूनों को कुचल रही है। कहा कि यह देश के संविधान को कुचलने वाली सरकार है।

अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या हुई, लेकिन दोषी अभी तक नहीं पकड़े गए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि ये सम्मन नहीं भेजे जा रहे है, बल्कि गुलदस्ता दिया जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि जीप की जानकारी हो गई, किस की जीप थी इसकी जानकारी हो गई। दोषियों की जानकारी हो गई, लेकिन अपराधी अभी तक नहीं पकड़े जा रहे है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जिन भी परिवारों से मैं मिला हूं हर परिवार के सदस्यों ने यही कहा कानून जो सजा देता है वो सजा उन्हें मिले।

 

लेकिन प्रदेश और केंद्र की सरकार अभी तक सो रही है। वो उन्हें अभी भी बचाना चाहती है। अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का स्टेट मंत्री आया..कि मैं मंत्री तो हूं सांसद भी रहा हूं, विधायक भी रहा हूं। लेकिन मैं कुछ और भी हूं। धमकी देना उन लोगों को जो किसान है गरीब है। यह सरकार दावा कर रही है कि दमदार सरकार है। लेकिन क्या यह सरकार दमदार केवल ताकतवर लोगों के लिए है। किसान जो अन्नदाता है उसके लिए सरकार नहीं है। अन्नादाता को कुचला है। संविधान कुचल गया। देश के कानून की धज्जियां उड़ा दी।

अखिलेश यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का सफाया होगा। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मैं आपके सवाल का एक ही जवाब दे सकता हूं कि देश के कानून जीप के टायरों से रौंदा जा रहा है। गोरखपुर में जो व्यापारी की हत्या हुई उसके आरोपी अभी भी फरार है। आखिर किसने उन्हें फरार किया है। जिस आईपीएस पर आरोप लगा था कि उन्होंने व्यापारी की हत्या की है वो आईपीएस फरार है। नेशनल ह्यूमन राइट कमीशन की तरफ से सबसे ज्यादा नोटिस इस सरकार को मिले है। आखिर कार जिम्मेदार कौन है और सरकार कह रही है कानून व्यवस्था अच्छी है। लेकिन पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

Related Posts