August 29, 2026 2:26 AM

मिया-बीवी का हुआ झगड़ा, पति ने लगा दी सिलेन्डर मे आग, पुलिस आई तो बता दी कुछ और बात, ब्लास्ट से उड़ी छत, पढ़ें आगे क्या हुआ ?

श्री मुक्तसर साहिब: मुक्तसर के गांव गोनियाना में पत्नी से झगड़ा करने के बाद पति ने गैस सिलेंडर को आग लगा दी। जिसके बाद सिलेंडर फटने से ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर की कच्ची छत तक उड़ गई। वहीं सिलेंडर से निकली चिंगारी से पूरे घर में आग लग गई। जिस कारण घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। घर के मालिक मजदूर सतपाल ने एक कहानी बनाकर पुलिस को सुना दी, जिसमें उसने कहा कि सोमवार रात करीब 9.45 बजे अपने बेटे के साथ खाना तैयार कर रहा था कि अचानक सिलेंडर लीक हो गया, जिसके बाद वह ब्लास्ट हो गया। घर में रखा सामान जलकर राख हो गया और घर की छत तक उड़ गई। उधर घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मामला जब पुलिस थाना सदर में पहुंचा तो थाना प्रभारी रणजीत सिंह द्वारा मामले की जांच पड़ताल की गई और आग लगने के कारणों का पता लगाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि यह आग मजदूर सतपाल ने खुद लगाई है।

मजदूर ने यह सुनाई कहानी

मजदूर सतपाल पुत्र महंगा राम निवासी गांव गोनियाना ने बताया कि वह रात को अपने बेटे के साथ घर में गैस सिलेंडर पर खाना तैयार कर रहा था। अचानक सिलेंडर लीक होने लगा और कुछ पलों में ही वह ब्लास्ट हो गया। उसने बताया कि उन्होंने घर से बाहर भाग कर जान बचाई। वह घर में केवल पिता पुत्र ही थे। पीड़ित ने बताया कि घर में रखा टीवी, फ्रिज,कूलर,अलमारी,बैड व अन्य सामान पूरी तरह से जल गया है। प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

पड़ोसी के घर में आईं दरारें

सिलेंडर का धमाका इतना तेज था कि पड़ोस के घर की दीवारों में भी दरारें आ गई। महिला कुलबीर कौर ने बताया कि परिवार एकदम से घबरा गया था जब उन्होंने धमाके की आवाज सुनी। उसने बताया कि बड़ी मेहनत से घर को बनाया है। अब उनकी दीवारों में दरारें आ गई हैं। प्रशासन की आर्थिक सहायता करें।

ब्लास्ट सुन घबरा गए लोग

आसपास के लोगों ने बताया कि जब यह धमाका हुआ तो उन्हें ऐसा लगा कि जैसे कहीं बम फट गया हो। एकदम से घबरा गए। घर से बाहर निकल कर देखा तो सतपाल के घर से धुआं निकल रहा था। इसके बाद उसके घर के बाहर जमा हो गए। जहां उन्हें पता चला कि गैस सिलेंडर फटने से यह धमाका हुआ था।

पत्नी से था झगड़ा, सतपाल ने खुद लगाई सिलेंडर को आग

थाना सदर प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव गोनियाना में एक घर में सिलेंडर फटने से भयंकर आग लगी है। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो दमकल विभाग की गाड़ी को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। मामले की जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि आग अचानक नहीं लगी। जबकि मजदूर ने खुद लगाई है। मजदूर सतपाल का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसने सिलेंडर बैड पर रखकर उसे आग लगा दी। जिसके बाद वह ब्लास्ट हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts