October 2, 2026 8:48 AM

मुझसे एक गलती हो गई है, इसलिए मैं मर रही हूं, सुसाइड नोट लिखकर महिला ने की आत्महत्या…पति का किया बचाव…

मुंगेली:  जिले के लोरमी इलाके में एक विवाहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उसने लिखा है- ”मुझसे एक गलती हो गई है, इसलिए मैं बाबा जी के पास जा रही हूं, मेरे पति को मत फंसाना, उन्हें तो कुछ पता ही नहीं है”। मामला लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोरखपुर का है। जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय संजना कुमारी अपने पति जगदीश डाहिरे और 4 साल की बेटी के साथ रहती थी। गुरुवार को उसका शव फांसी पर लटकता हुआ मिला था। पति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची लालपुर थाना पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। वहां से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने जब्त कर लिया है। सुसाइड नोट में महिला ने अपनी किसी गलती का जिक्र किया है और लिखा है कि उसके पति को इस बारे में कुछ भी पता नहीं है, लेकिन वो घुट-घुटकर जी रही है। इसलिए पति को कुछ नहीं कहा जाए। विवाहिता ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए उसकी 4 साल की बच्ची की देखभाल करने की गुजारिश अपने सुसाइड नोट में की है।

पुलिस ने मृतका के पति और माता-पिता से बातचीत की है। पति ने बताया कि उसकी पत्नी ने किस गलती की बात कही है, इसके बारे में उसे कुछ भी नहीं पता है। उसने कहा कि वो दोनों तो 15 दिन पहले ही बिलासपुर से मुंगेली स्थित गोरखपुर गांव लौटे हैं। दोनों वहां मजदूरी करते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।

Related Posts