October 27, 2026 10:54 PM

UKSSSC के नाम पर नौकरी लगवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक नेत्री समेत चार लोग गिरफ्तार

हरिद्वार: पुलिस ने गुरुवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से देहात क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में एक कांग्रेसी नेत्री समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेसी नेत्री और उसके दो भाई सहित पांच लोग मिलकर गिरोह चला रहे थे। आरोपी महिला जिला कांग्रेस में संगठन मंत्री है। कांग्रेसी नेत्री का भाई गिरोह का सरगना अजय नौटियाल अभी फरार है।

रोशनाबाद पुलिस कार्यालय में गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि लक्सर के टिक्कमपुर निवासी अजय नौटियाल, उसका भाई विजय नौटियाल, बहन रेणु सहित पांच लोग मिलकर क्षेत्र में गैंग चला रहे थे। ये लोग बेरोजगारों को विभिन्न सरकारी विभागों में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की रकम ऐंठते थे। इतना ही नहीं शहर के नामी होटलों में फर्जी तरीके से इंटरव्यू लेकर लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के फर्जी नियुक्ति पत्र दे रहे थे।


एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह विभिन्न विभागों में 10 प्रतिशत विभागीय कोटा बताकर बेरोजगारों को नौकरी का झूठा लालच देता था। फिर प्रत्येक से पांच से दस लाख रुपये लेकर नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करते थे। आरोपियों को अभ्यर्थियों के फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र, फर्जी शैक्षिक अंकतालिकायें, इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी, विभिन्न विभागों के पदनाम की मोहरें, घटना में इस्तेमाल किए जाने वाले कई मोबाइल फोन, एक दर्जन से अधिक पासबुक, चेक बुक, रौब गालिब करने के लिए गार्ड को पहनाई जानी वाली फर्जी आर्मी एवं पुलिस की वर्दी आदि के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

Related Posts